Sonbhadra News : ट्रक हाईजैक कर स्क्रैप कर बेचा, फिर कबाड़ में कटवा दी ट्रक
गिरफ्तार भरत लाल उर्फ बल्ला साहू ने बताया कि वह कबाड़ का कारोबार करता है। 11 सितंबर को नीरज यादव एवं उमाकान्त यादव ट्रक लेकर उसके पास आए थे और स्क्रैप बेचने व ट्रक कटवाने की बात की।

sonbhadra
3:59 PM, September 20, 2026
- सोनभद्र पुलिस तीन लोगों को किया गिरफ्तार
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को हाईजैक कर मिर्जापुर में कबाड़ की दुकान पर पहले स्क्रैप बचा फिर बाद में ट्रक को कटवा दिया। पुलिस ने मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि ब्रह्मप्रसाद पाण्डेय पुत्र नागेन्द्र नाथ पाण्डेय, निवासी मेन रोड रेनुकूट, शिवा पार्क ने थाने में जाकर तहरीर दी गई कि 9 सितंबर को बरगवां, सिंगरौली (म.प्र.) से 24 टन 900 किग्रा स्क्रैप आयरन खरीदकर ट्रक संख्या UP62 T9881 से महामाया स्पात कम्पनी, चुनार, मिर्जापुर भेजा गया था।
ट्रक चालक से 10 सितंबर को फोन पर संपर्क करने पर उसने बताया कि लोहड़ी टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 05:10 बजे अज्ञात वाहन स्वामी द्वारा उन्हें ट्रक से उतारकर ₹500 देकर वाराणसी भेज दिया । जिसके बाद स्क्रैप लदे ट्रक का कोई पता नहीं चला।
तहरीर मिलते ही पुलिस ने थाना रॉबर्ट्सगंज पर मु0अ0सं0 757/2026 धारा 316(2), 338, 336(2), 340(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर लिया।
विवेचना के दौरान वाहन संख्या UP62T9881 के स्वामी मनोज यादव पुत्र प्रेम प्रकाश यादव पाए गए। CDR/SDR अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण, CCTV फुटेज व अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि नीरज यादव एवं उमाकान्त यादव द्वारा आपस में संपर्क एवं योजना बनाकर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाया गया, जहां ट्रक में लदे स्क्रैप को बेचने के बाद ट्रक को कबाड़ गोदाम में कटवाकर उसके कल-पुर्जे अलग-अलग करवा दिए ।
19 सितंबर को थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा जनपद मिर्जापुर स्थित पीएसी 39वीं वाहिनी गेट नं0-02 के सामने स्थित कबाड़/स्क्रैप गोदाम पर दबिश दी गई। जहाँ मौके से धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू एवं आकाश गुप्ता को समय करीब 19:50 बजे गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों के कब्जे एवं मौके से कुल ₹5,00,000/- नकद, ट्रक संख्या UP62T9881 के कटे हुए विभिन्न कल-पुर्जे एवं अवशेष, 04 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की काले रंग की TVS Sport मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि बरामद धनराशि में भरत लाल उर्फ बल्ला साहू के कब्जे से ₹4,00,000/-, धीरज यादव से ₹50,000/- एवं आकाश गुप्ता से ₹50,000/- मिले। मौके पर बरामद ट्रक के कटे हुए हिस्सों एवं चेसिस की वाहन स्वामी द्वारा पहचान की गई।
गिरफ्तार भरत लाल उर्फ बल्ला साहू ने बताया कि वह कबाड़ का कारोबार करता है। 11 सितंबर को नीरज यादव एवं उमाकान्त यादव ट्रक लेकर उसके पास आए थे और स्क्रैप बेचने व ट्रक कटवाने की बात की। उसके द्वारा स्क्रैप खरीद लिया गया व ट्रक कटवा दिया गया।
धीरज यादव ने बताया कि नीरज यादव उसका छोटा भाई है तथा उमाकान्त यादव उसकी रिश्तेदारी का है। तीनों ने मिलकर ट्रक हाइजैक करने की योजना बनाई थी।
आकाश गुप्ता ने बताया कि वह स्क्रैप व लोहे के लेन-देन का काम करता है। 14 सितंबर को उक्त स्क्रैप उसके द्वारा खरीदा गया था, जिसे बाद में गलाने हेतु भेज दिया गया। उसके कब्जे से बरामद ₹50,000/- उसी लेन-देन से संबंधित है।
महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है। नीरज यादव व उमाकान्त यादव सहित अन्य की भूमिका पर अग्रिम विवेचना प्रचलित है। मुकदमे में धारा 317(2), 317(5) एवं 61(2)(क) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त -
1. धीरज यादव पुत्र पन्नालाल यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम घमहापुर, थाना विन्ध्याचल, मिर्जापुर
2. भरत लाल उर्फ बल्ला साहू पुत्र स्व0 ब्रह्मदेव साहू, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सेमरा बैसुखिया, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर
3. आकाश गुप्ता पुत्र कैलाश गुप्ता, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम रेवड़ा परसपुर, थाना कोतवाली भदोही, भदोही
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम -
1. एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा
2. प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, थाना रॉबर्ट्सगंज
3. निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, थाना रॉबर्ट्सगंज
4. उ0नि0 उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी लोढ़ी
5. उ0नि0 अनिल कुमार विश्वकर्मा, चौकी प्रभारी कस्बा
6. हे0का0 राम सिंह, का0 श्री अम्बुज, रि0का0 श्री आदित्य वर्मा




