Sonbhadra news : जलापूर्ति बाधित होने से परेशानी, ग्रामीणों में आक्रोश
दुद्धी ब्लाक के महुली क्षेत्र में मलिया नदी से होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले करीब 15 दिनों से पूरी तरह बंद पड़ी है।

sonbhadra
6:53 PM, September 17, 2026
धर्मेंद्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज, सोनभद्र।दुद्धी ब्लाक के महुली क्षेत्र में मलिया नदी से होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले करीब 15 दिनों से पूरी तरह बंद पड़ी है। इससे महुली, पतरिहा, फुलवार, पोलवा और हिराचक गांवों के ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले इन गांवों में जल निगम के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती थी। बाद में हर घर जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के लागू होने के बाद से ही नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है। कभी कुछ दिनों तक सप्लाई होती है तो कभी लंबे समय तक बंद रहती है।
पंद्रह दिनों से लगातार आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और बरसात के दौरान भी पेयजल की समस्या बनी रहती है, जबकि योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने का उद्देश्य ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण वीरेंद्र कनौजिया, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजय गुप्ता, विजेंद्र कनौजिया और राजकिशोर ने संबंधित विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पानी की समस्या के समाधान के लिए कई बार ध्यान दिलाया गया, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं की गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द खराब व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
इस सम्बंध में उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि जलापूर्ति शीघ्र चालू कराया जाएगा।पानी की समस्या नही होने दिया जाएगा।




