Sonbhadra News : आन-बान-शान से लहराया तिरंगा, फिजा में घुला राष्ट्रीयता का रंग
जनपद में 78वां स्वतंत्रता दिवस गुरूवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं पर ध्वजारोहण कर देश के वीर सपूतों को याद किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों.....

सोनभद्र
9:05 PM, August 16, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जनपद में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया 77वां स्वतंत्रता दिवस
सोनभद्र । जनपद में 78वां स्वतंत्रता दिवस गुरूवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं पर ध्वजारोहण कर देश के वीर सपूतों को याद किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के योगदान को याद किया गया। जगह-जगह रैली भी निकाली गई। जबकि विद्यालयों में छात्रों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर मन मोह लिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम विशिष्ट स्टेडियम तियरा में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने ध्वजारोहरण किया। इसके उपरान्त मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड, सांसद छोटेलाल खरवार, जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार, जिला पंचायत सदस्य चुर्क मोहन कुशवाहा के उपस्थिति में विभिन्न स्कूलों के आए छात्र-छात्राओं के द्वारा मनमोहक देश भक्ति नृत्य व गायन की प्रस्तुति की गयी। नुक्कड़ नाटक, देश भाक्ति गीत व नृत्य में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत भी किया गया। तत्पश्चात मंत्री जी ने उपस्थित जन समुदाय व जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस ढेर सारी बधाई व शुभकामनाएं देते हुए लोगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर स्वतंत्रता आन्दोलन में शहीद वीर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया जा रहा है, जो देश को आजाद कराने में अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया, तब जाकर हम लोगों को यह आजादी मिली है, आजादी के आन्दोलन में सुभाष चन्द्र बोस, चन्द्र शेखर आजाद, बिस्मिल्ला खाॅन आदि ने अपने जान की परवाह न करते हुए आजादी की लड़ाई में अपनी कुर्बानी दी, उन्होेंने कहा कि समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को समाज के मुख्य धारा में जोड़ने और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने से ही स्वतंत्रता आन्दोलन में संघर्ष करने वाले वीर सपूतों के प्रति सच्ची श्रद्धान्जली होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के लिए जो भी पात्र लाभार्थी हैं वह चाहे विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन, आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड कन्या सुमंगला योजना आदि सभी योजनाओं का अधिकारी लाभ दिलाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा है कि स्वतंत्रता उद्देश्य तभी पूरा होगा जब गांव का कोई भी व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा यही प्रधानमंत्री का संकल्प है।




