Sonbhadra News : हाथों में तिरंगा, होठों पर वंदे मातरम्, अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों ने नगर में निकाली तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कचहरी तिराहा से स्वर्ण जयंती चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर ‘वंदे मातरम्..

तिरंगा यात्रा के दौरान मौजूद अधिकारीगण, कर्मचारी एवं छात्र........
sonbhadra
10:04 AM, August 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कचहरी तिराहा से स्वर्ण जयंती चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के उत्साह से भर दिया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में अधिकारी, कर्मचारी और छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे शहर की सड़कों से आगे बढ़ी, वैसे-वैसे देशभक्ति का उत्साह भी परवान चढ़ता गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्र और कर्मचारी पूरे जोश के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान शहर का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत दिखाई दिया।
यात्रा का समापन स्वर्ण जयंती चौक पर हुआ, जहां तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की सीडीओ ने शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, सम्मान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं के मन में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 9 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने का संकल्प लें और इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश की प्रगति में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। सीडीओ ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपने दायित्वों का एहसास होता है। तिरंगा यात्रा का संदेश स्पष्ट है कि देश सबसे ऊपर है और इसकी एकता-अखंडता की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।"
इस दौरान डीपीआरओ नमिता शरण, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अजय कुमार द्विवेदी, सहायक सूचना अधिकारी विनय सिंह, डीपीओ विनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज और सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र मौजूद रहे।




