Sonbhadra News : वृक्षारोपण प्रकृति संरक्षण का अमूल धरोहर- अमरनाथ मिश्र
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी शक्तिनगर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के तत्वावधान में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महायज्ञ 2026" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

sonbhadra
2:00 PM, July 12, 2026
शक्तिनगर (सोनभद्र) । महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी शक्तिनगर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के तत्वावधान में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महायज्ञ 2026" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अन्तर्गत एनटीपीसी टाउनशिप स्थित शक्तेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में साफ सफाई कर स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी अमरनाथ मिश्र ने पौधा रोपण कर इस महायज्ञ का शुभारंभ किया। मंदिर प्रांगण में जामुन, शहतूत, अमरूद, आम, बकायन, क्रैंच, अनार, नीम, नींबू, आवला के पौधे स्वयंसेवकों द्वारा लगाए गए। वृक्षारोपण के साथ ही 101 पौधे छात्रों तथा स्थानीय नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए दान किया गया। वृक्षारोपण के पश्चात पुजारी अमरनाथ मिश्रा ने कहा कि संतुलित पर्यावरण आज की अपरिहार्य आवश्यकता है ऐसी स्थिति में वृक्षारोपण प्रकृति के लिए अमूल्य उपहार है। वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं बल्कि मानव जीवन के लिए संजीवनी के रूप में है। कार्यक्रम में पधारे एनटीपीसी इलेक्ट्रिकल विभाग के उमाशंकर मिश्र ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्षारोपण से हमें अनेक लाभ मिलते हैं। गांव और शहरों में वृक्षारोपण से स्वच्छ पेयजल, शुद्ध हवा तथा विभिन्न प्रकार की औषधियां प्राप्त होती हैं इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० छोटे लाल प्रसाद ने पौधारोपण किया तथा कहा कि पेड़ हमारे पर्यावरण का सबसे मूल्यवान उपहार है। यह न केवल धरती को हरा भरा व आकर्षक बनाते हैं बल्कि जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। पेड़ों के बिना जीवन की कल्पना करना कठिन है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में पत्रकार रोहित विश्वकर्मा, नीरज, राहुल, हिमांशु, सना, आफरीन, प्रिया, ज्योति, पूनम, खुशबू, प्रभा, धनु, अंकुर, अंकिता, अमीषा आदि का सराहनीय योगदान रहा।




