Sonbhadra News : जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर पलटा बालू लदा ट्रैक्टर, टला बड़ा हादसा
घघरी ग्राम पंचायत के मुख्य जंगल मार्ग पर सोमवार को निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर सड़क की जर्जर एवं अधूरी हालत के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में बालू लदा....

घघरी मुख्य मार्ग पर पलटा ट्रैक्टर-ट्रॉली........
sonbhadra
3:06 PM, August 31, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी । घघरी ग्राम पंचायत के मुख्य जंगल मार्ग पर सोमवार को निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर सड़क की जर्जर एवं अधूरी हालत के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में बालू लदा हुआ था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि, गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जर्जर सड़क ने फिर बढ़ाया हादसे का खतरा -
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर जंगल मार्ग से गुजर रहा था। सड़क की हालत बेहद खराब होने और निर्माण कार्य अधूरा पड़े होने के कारण वाहन असंतुलित होकर पलट गया। बरसात में इस मार्ग की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को आए दिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
वर्षों से उठ रही आवाज, फिर भी नहीं जाग रहा प्रशासन -
घघरी जंगल मार्ग के स्थायी निर्माण की मांग क्षेत्रवासी वर्षों से करते आ रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक संबंधित अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार पत्राचार कर सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की जा चुकी है। धरना-प्रदर्शन और श्रमदान के जरिए भी जिम्मेदारों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन सड़क आज भी बदहाल स्थिति में है।
सड़क निर्माण को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे उमंग गुप्ता ने कहा कि घघरी जंगल मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सोमवार को ट्रैक्टर पलटने की घटना ने एक बार फिर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या बड़े हादसे और जनहानि का इंतजार कर रहा प्रशासन -
ट्रैक्टर पलटने की घटना के बाद ग्रामीणों में यह सवाल भी जोर पकड़ रहा है कि आखिर कब तक प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करता रहेगा? क्या जब तक इस जर्जर सड़क पर कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता और किसी की जान नहीं चली जाती, तब तक जिला प्रशासन की तंद्रा भंग नहीं होगी?
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद महज जांच और आश्वासन के बजाय सड़क की वास्तविक स्थिति सुधारने की जरूरत है। यदि समय रहते सड़क निर्माण पूरा करा दिया जाए तो संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
जल्द निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी -
उमंग गुप्ता समेत स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थायी सड़क निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि किसी बड़ी दुर्घटना और जनहानि का इंतजार किए बिना घघरी जंगल मार्ग की बदहाली का तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।




