Sonbhadra news : बेहतर कार्ययोजना के साथ जिले में पर्यटन क़ो दें बढ़ावा - नीलिमा कटियार
उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की महिला एवं बाल विकास समिति की द्वितीय उप समिति की अध्यक्ष ने जनपद अध्ययन एवं भ्रमण के दौरान मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की।

सोनभद्र
11:11 PM, August 13, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की महिला एवं बाल विकास समिति की द्वितीय उप समिति की अध्यक्ष ने जनपद अध्ययन एवं भ्रमण के दौरान मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में केन्द्र व प्रदेश सरकार से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी ली। सभापति ने जनपद में पर्यटन के विकास के लिए की जा रही कार्यवाही के सम्बन्ध में पर्यटन अधिकारी से बिन्दुवार जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग से सम्बन्धित योजनाओं के सम्बन्ध में मुख्य चिकित्साधिकारी, कौशल विकास, महिला समूहों की तरफ से जिले में कराए जा रहे कार्यों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सभापति नीलिमा कटियार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद सोनभद्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाते हुए कार्यवाही की जाये। इससे जनपद में पर्यटकों के आने की संख्या में वृद्धि होगी और लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से बेरोजगार युवक/युवतियों को इस प्रकार के कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाये, जिससे कि वे जनपद में ही रोजगार के साधन प्राप्त कर सकें।
उन्होंने जनपद में महिला समूहो की तरफ से जीविकोपार्जन किये जा रहे कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बढ़ावा दिया जाये।
इस दौरान विधायक डा0 मनोज कुमार प्रजापति, विधायक समिति सदस्य सलोना कुशवाहा, सीडीओ सौरभ गंगवार, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार, जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




