Sonbhadra News: कैंसर से बचने के लिए जरूरी, तंबाकू-शराब से दूरी - सीएमओ
राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार की अध्यक्षता में गोष्ठी एवं.......

sonbhadra
10:52 PM, February 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार की अध्यक्षता में गोष्ठी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम यूनाइटेड बाय यूनिक (अलग-अलग होकर भी एकजुट) रखी गई थी।
सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार ने बताया कि "कैंसर शब्द ही अपने आप में इतना खतरनाक है जिसे सुनते ही व्यक्ति की रूह कांप जाती है। ऐसे में कैंसर के मरीजों की मानसिक स्थिति का विवरण करना नामुमकिन है। ऐसे में लोगों को कैंसर से बचाव के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करने की आवश्यकता है।विश्व कैंसर दिवस हर वर्ष चार फरवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार गैर संचारी रोगों पर विशेष ध्यान दे रही है, जिसके तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की जाती है। वर्तमान समय में जीवनशैली में बदलाव, असंतुलित खान-पान, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों का सेवन तथा रासायनिक उत्पाद कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। उन्होंने कैंसर के सामान्य लक्षणों जैसे अचानक वजन कम होना, लंबे समय तक खांसी रहना, अत्यधिक थकान तथा त्वचा में बदलाव की जानकारी देते हुए समय पर जांच कराने की अपील की साथ ही स्वच्छ वातावरण, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।"
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रेमनाथ ने महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लक्षणों व बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा नियमित जांच कराने की सलाह दी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0गिरधारी लाल ने बताया कि "गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए राज्य सरकार द्वारा पेपिलोमा वायरस टीकाकरण का परीक्षण रूप में अभियान चलाया गया है, जिसके अंतर्गत कस्तूरबा गांधी विद्यालय म्योरपुर व बभनी में 14 से 19 वर्ष की लगभग 200 छात्राओं को टीका लगाया गया है।"
दंत चिकित्सक डॉ0 स्नेहा मंजूल ने मुख कैंसर के लक्षणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुंह में गांठ या सूजन, सफेद या लाल धब्बे, खुरदरे क्षेत्र, चबाने या निगलने में परेशानी आजैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में वित्त एवं लॉजिस्टिक परामर्शदाता राहुल कुमार कन्नौजिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर जनरल फिजिशियन डॉ0 गणेश प्रसाद, नगरीय पीएचसी रॉबर्ट्सगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ0 जे0पी0 सिंह, अर्बन कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार कन्नौजिया, फार्मासिस्ट मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।



