Sonbhadra Update News : सोन नदी में तीन लड़के डूबे, तलाश जारी, गांव में मातम
सोन नदी में स्नान करने गए तीन लड़के डूब गए। घटना के बाद प्रशासन तलाश कर रही है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

sonbhadra
2:28 PM, June 24, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर ग्राम सभा में बुधवार को सोन नदी में तीन लड़के डूब गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार मीतापुर गांव की कुछ महिलाएं नदी में स्नान करने गई थीं, जिनके साथ दो किशोर भी मौजूद थे। स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी किनारे जुटी भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी बीच एक अन्य युवक भी गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूब गया। इसके बाद प्रशासन, स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तीनों की तलाश शुरू की।
डूबने वाले लड़कों की पहचान मीतापुर निवासी संदीप (18) पुत्र रविंद्र कुमार, बोलबम (16) पुत्र लोधी उमर तथा दीपक (15) पुत्र भगवान दास के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रशासन सक्रिय हो गया और नदी में खोज अभियान तेज कर दिया गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




