Sonbhadra News : कार-पिकअप की टक्कर में तीन की मौत, चार घायल
मयोरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

sonbhadra
7:02 PM, January 25, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बीजपुर–मुर्धवा मार्ग पर विषघरवा टोला के पास करीब चार बजे कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार संजय (60) निवासी चेतवा थाना बीजपुर, अखिलेश (65) निवासी सेवकामोड़ थाना बीजपुर तथा उनकी पत्नी हीरामनी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक प्रभु निवासी सेवकामोड़ थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक प्रभु ने बताया कि वे सभी लोग कार से राबर्ट्सगंज बर्थडे पार्टी में जा रहे थे। वहीं पिकअप वाहन पर सवार चालक मुस्लिम (20) पुत्र इद्दु निवासी बढ़ोर तथा सहचालक गोविंद पुत्र रमेश जायसवाल निवासी बभनी भी इस हादसे में घायल हो गए।
हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन कार सवारों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर आंशिक रूप से बहाल कराया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।इस संबंध में थाना प्रभारी राम दरस राम ने बताया कि विशघरवा में पिकअप और अर्टिगा कार की आमने सामने की टक्कर में तीन की मौत हुई है।घटना की जांच की जा रही है पिकअप को कब्जे में लिया गया है।




