Sonbhadra News : ओबरा बांध के तीन गेट खुले, प्रशासन ने तटीय इलाकों में बढ़ाई सतर्कता
बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर और बहाव में संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने तटीय व निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

sonbhadra
3:54 PM, September 1, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
० नदी-नालों व जलधाराओं से दूर रहने की अपील, बच्चों और पशुओं को भी सुरक्षित रखने की हिदायत
ओबरा (सोनभद्र) । बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर और बहाव में संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने तटीय व निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से नदी-नालों एवं जलधाराओं के समीप न जाने तथा बच्चों और पशुओं को भी इन क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की गई है।
प्रशासनिक सतर्कता और लगातार निगरानी के बीच रिहंद बांध का एक गेट खोला जा चुका है, जबकि दूसरा गेट भी खोले जाने की प्रक्रिया में है। इसके लगभग 30 मिनट बाद ओबरा बांध के तीन गेट 7 फीट तक खोले गए।
ओबरा बांध के गेट खुलने के बाद एसडीएम ओबरा रवि कुमार, सीओ ओबरा प्रभात राय और थाना प्रभारी सदानंद राय ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि बांध के गेट खुलने से नदी के जलस्तर और बहाव में वृद्धि की संभावना है।
संभावित बढ़े हुए जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासनिक टीम चकाड़ी क्षेत्र में पहुंची। एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ स्थानीय नागरिकों को स्थिति से अवगत कराया और नदी तट, निचले इलाकों तथा जलप्रवाह वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल बिल्ली मारकुंडी अमित सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे नदी-नालों एवं जलधाराओं के समीप न जाएं। बच्चों एवं पशुओं को भी इन क्षेत्रों से दूर रखें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही सूचनाओं एवं निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से मछली मारने या बढ़े हुए जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में जाने का प्रयास न करने की भी सख्त अपील की है। जिला प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम और जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




