Sonbhadra News : कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा, 16,992 अभ्यर्थी आजमा रहे किस्मत
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा रविवार को जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न.....

पुलिस आरक्षी परीक्षा-2026 की कुछ झलकियां......
sonbhadra
11:12 AM, June 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• QR Code से परीक्षा केंद्रों की लोकेशन उपलब्ध, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया केंद्रों का निरीक्षण
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा रविवार को जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की तीन स्तरीय सघन जांच की गई। सुरक्षा मानकों के तहत बेल्ट, पर्स, डिजिटल घड़ी, मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मुख्य द्वार पर ही जमा कराए गए। गहन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।
आज अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस टीम को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। साथ ही सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जवाबदेही के साथ करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। यह परीक्षा तीन दिनों तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। तीन दिवसीय परीक्षा में जिले के विभिन्न केंद्रों पर कुल 16,992 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए आरएसएम इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर तथा राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुडीलाडीह को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन QR Code के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी संबंधित QR Code को स्कैन कर अपने परीक्षा केंद्र का सटीक स्थान देख सकते हैं तथा Google Maps की सहायता से बिना किसी परेशानी के केंद्र तक पहुंच सकते हैं।




