Sonbhadra News : मारपीट के बाद परिवार के मुखिया की मौत मामले में तीन गिरफ्तार
गत दिनों पूर्व रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नं0 9 घुवास मोहाल में दबंगों द्वारा एक परिवार की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान घायल परिवार के मुखिया की मौत मामले में पुलिस.....

sonbhadra
10:43 PM, September 25, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । गत दिनों पूर्व रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नं0 9 घुवास मोहाल में दबंगों द्वारा एक परिवार की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान घायल परिवार के मुखिया की मौत मामले में पुलिस ने आज आरोपियों के घर पर दबिश देकर सगे भाइयों सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल लाठी को बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों का धारा 105, 115(2), 352, 351(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना को लेकर परिजनों एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर काटा था बवाल -
बताते चलें कि गत 22 सितंबर को बच्चों के विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार के दंपती और उनके बहु-बेटे की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया था। घायलावस्था में चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान परिवार के मुखिया गुड्डू (40वर्ष) पुत्र चन्नूल की मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर घंटों बवाल काटा था। मौके पर पहुँची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाबुझा कर शांत कराया था।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि "मारपीट की सूचना मिलने के समय ही चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उपचार के दौरान गुड्डू की मौत हो गई। मामले में रमेश पुत्र राजेंद्र उसके भाई आकाश, संजय पुत्र रामचंद्र और उसके भाई रामफल निवासी घुवास मोहाल थाना कोतवाली राबटर्सगंज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आज एसआई कृष्णानंद सिंह की अगुवाई वाली टीम ने बुधवार की दोपहर डेढ़ बजे घुवास मोहाल में दबिश देकर रमेश, संजय और आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं एक अन्य आरोपी रामफल की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर लिया गया है।"




