Sonbhadra news : महिला पर जानलेवा हमला मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने महिला के साथ मारपीट और जान से मारने के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

sonbhadra
7:11 PM, August 2, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा थाना पुलिस ने महिला के साथ मारपीट और जान से मारने के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना पुराने मुकदमे में समझौता करने के दबाव को लेकर हुई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चूड़ी गली मलिन बस्ती, ओबरा निवासी रोशनी पत्नी संतोष स्वीपर ने 1 अगस्त को थाना ओबरा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे उनके पति और अन्य परिजनों ने पुराने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर लात मारी गई और गले पर पैर रखकर दबाने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे उसकी जान बच सकी।
तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में मुकदमा अपराध संख्या 170/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) एवं 109 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। रविवार को सिनेमा रोड, ओबरा क्षेत्र से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष स्वीपर (33 वर्ष), अमर महेश उर्फ महेश स्वीपर (29 वर्ष) और दीपक स्वीपर (26 वर्ष), सभी निवासी चूड़ी गली मलिन बस्ती, ओबरा शामिल हैं। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, कांस्टेबल राहुल श्रीवास एवं कांस्टेबल संजय यादव शामिल रहे।




