Sonbhadra News : मोमबत्ती और फेविकॉल का उपयोग कर ग्रामीणों के खाते से उड़ाए हजारों रुपये, दो गिरफ्तार
मोमबत्ती और फेविकोल का उपयोग कर ग्रामीणों के खाते से आरोपियों ने हजारों रूपये उड़ा दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में शामिल दोनों आरोपियों क़ो गिरफ्तार कर लिया है।

सोनभद्र
5:30 PM, August 4, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 - 7007444590
सोनभद्र । ‘मोमबत्ती और Fevicol का उपयोग कर बैंक खाते से उड़ाए रुपये’, बात सुनने में अटपटी जरूर लग सकती है लेकिन है सौ फीसदी सच। जी हां घोरावल पुलिस ने मोमबत्ती और FEVICOL के जरिये भोले भाले ग्रामीणों के बैंक खाते से रुपये निकाले जाने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। करीबराव निवासी शिवनारायण विश्वकर्मा की शिकायत पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह है पूरा मामला -
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि "गत 3 अगस्त को घोरावल थाना क्षेत्र के कर्रीबराव निवासी शिवनरायन विश्वकर्मा पुत्र प्रेमनाथ विश्वकर्मा ने घोरावल थाने पर शिकायती पत्र देते गए बताया कि कर्रीबराव निवासी लवकुश यादव पुत्र प्रभु यादव व मनोज यादव पुत्र शिवनरायण यादव द्वारा ग्राहक सेवा केन्द्र का संचालन कर आधार कार्ड के माध्यम से पैसा निकालने का कार्य किया जाता है। गत 10 जुलाई क़ो उसके और लवकुश यादव के पास दस हजार रुपये व 11 जुलाई को मनोज यादव के पास पांच हजार रुपये निकलवाने के लिए गए तो बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाकर आरोपियों ने बताया कि सर्वर डाउन है पैसा नहीं निकलेगा तथा बगल में रखी पिघली हुयी मोमबत्ती पर अंगूठा लगवाकर आश्वासन दिया गया कि पैसा निकालकर आपको दे दूंगा, परन्तु उन दोनों ने उन्हें सर्वर डाउन होने का बहाना बताकर पैसा नहीं दिया गया। जब वह अपने बैंक जाकर खाता की जांच करवाया तो 10 जुलाई को दस हजार रुपये व 11 जुलाई को पांच हजार रुपये निकाला जा चुका था।पुलिस ने घटना में संलिप्त दो अभियुक्तों को ग्राम कर्रीबराव से गिरफ्तार कर लिया तथा अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रानिक सामान, दो बायोमैट्रिक मशीन, दो मोबाइल फोन, 6 अंगूठे का क्लोन और 44800/- रुपये नगद बरामद किया गया है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल पर धारा-319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस व 66सी आईटी एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।"




