Sonbhadra news : हाथीनाला मार्ग पर घंटों जाम, हजारों लोग हुए परेशान
पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा–हाथीनाला मार्ग पर शनिवार की भोर से शुरू हुआ जाम दोपहर तक बना रहा। ओवरलोड ट्रकों के बीच रास्ते में खराब हो जाने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

sonbhadra
4:55 PM, September 27, 2025
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा–हाथीनाला मार्ग पर शनिवार की भोर से शुरू हुआ जाम दोपहर तक बना रहा। ओवरलोड ट्रकों के बीच रास्ते में खराब हो जाने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति यह रही कि भोर से ही धीरे-धीरे जाम बढ़ता गया और देखते ही देखते घंटों तक लोग सड़क पर फंसे रहे। जाम इतना बढ़ा कि छोटे-बड़े वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग की तलाश करने लगे। दुद्धी होकर तमाम वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। यहां तक कि सरकारी बसों को भी दुद्धी होकर ही आना पड़ा। जाम के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों और कार्यालय जाने वाले लोगों को उठानी पड़ी। इस दौरान जाम में फंसे हजारों लोग गर्मी और धूप से बेहाल रहे। ट्रैफिक अव्यवस्थित होने से कई एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए। कई यात्री तो पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े।
सूचना पाकर चौकी प्रभारी संजय सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लगातार जाम खुलवाने के प्रयास करते रहे। हालांकि वाहनों की लंबी कतार और ओवरलोड गाड़ियों के खराब हो जाने से जाम पूरी तरह से समाप्त होने में काफी देर लगी।
जाम की स्थिति मुर्धवा मोड़ से बीजपुर जाने वाले मार्ग तक फैल गई, जिससे उधर से गुजरने वाले राहगीरों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों की वजह से आए दिन ऐसी स्थिति बनती है और प्रशासन को इस पर सख्ती से नियंत्रण करना चाहिए।




