Sonbhadra News : बुलेट में लगे जीपीएस से पकड़े गए चोर, बाइक बरामद
डिजिटल लाइब्रेरी के बरामदे से रात में एक बुलेट मोटरसाइकिल को चोर चुरा ले गये । सुबह वाहन स्वामी ने मोटरसाइकिल गायब देख जीपीएस ट्रैकिंग के साथ ही पुलिस को सूचना दी ।

sonbhadra
5:05 PM, January 27, 2026
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर (सोनभद्र) । कस्बे में स्थित एक डिजिटल लाइब्रेरी के बरामदे से रात में एक बुलेट मोटरसाइकिल को चोर चुरा ले गये । सुबह वाहन स्वामी ने मोटरसाइकिल गायब देख जीपीएस ट्रैकिंग के साथ ही पुलिस को सूचना दी । जिसके कुछ देर बाद ही नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोझ गांव में पुआल के ढ़ेर में छिपा कर रखी गयी मोटरसाइकिल को बरामद करने के साथ तीन चोरों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक कुमार मौर्य पुत्र सुरेश मौर्या प्रतिदिन की भांति बरामदे में बुलेट मोटरसाइकिल खडी़ कर घर के अंदर रात में सो गया। चोरों ने वायरिंग में छेड़छाड़ कर बिना चाबी के गाड़ी स्टार्ट कर ले उड़े । सुबह गाड़ी गायब देख अभिषेक ने गाड़ी में लगे जीपीएस लोकेशन ट्रेस कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सुकृत पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुये घटना को अंजाम देने वाले रोहित कुमार यादव (20) पुत्र रमेश कुमार यादव, संघर्ष यादव (19) पुत्र रामकृत यादव और सत्यम हरिजन (20) पुत्र राजकुमार हरिजन निवासीगण ग्राम बोझ थाना नौगढ़ जिला चंदौली को चुराई गयी मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ के बाद सभी को न्यायालय भेज दिया गया।




