Sonbhadra News : लड़की बनकर रूकवाते थे ट्रक, फिर जंगल में ले जाकर करते थे लूटपाट, तीन सदस्य गिरफ्तार, पांच फरार
महिला बनकर ट्रकों व अन्य वाहनों से छिनैती व लूट की घटना करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि पांच अन्य सदस्य फरार बताये जा रहे हैं। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से.....

sonbhadra
2:22 PM, December 25, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । महिला बनकर ट्रकों व अन्य वाहनों से छिनैती व लूट की घटना करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि पांच अन्य सदस्य फरार बताये जा रहे हैं। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 18 मोबाइल, नकदी, महिला बनने की कपड़े व श्रृंगार का सामान बरामद किया है। वहीं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश देने में जुटी हुई है।
आज पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "मुखबिर की सुचना पर चोपन थाना व डाला चौकी पुलिस ने झपट्टामारी की योजना बना रहे गैंग के तीन सदस्यों को तेलगुड़वा चौराहे के आगे शौचालय के पास से सड़क किनारे जंगल में घेरेबंदी कर गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग के पांच अन्य सदस्य अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अटल घसिया (25वर्ष) पुत्र राजकुमार घसिया निवासी सर्किट हॉउस के पास घसिया बस्ती-रॉबर्ट्सगंज, रोहित विश्वकर्मा (26वर्ष) पुत्र राजेश विश्वकर्मा निवासी नगसर-गाजीपुर तथा धनंजय सिंह उर्फ़ तूफान सिंह (18वर्ष) पुत्र लोहा सिंह निवासी नौडीहा-कोन के रूप में हुई है। वहीं घसिया बस्ती निवासी सोनू, शिवकुमार, विकास यादव तथा कोन निवासी कृष्णा सिंह व पिंटू घसिया फरार बताये जा रहे हैं।"
एसपी ने बताया कि "गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताता कि गिरोह का एक सदस्य सोनू महिला का वेश धारण कर सड़क पर वाहन चालकों को रोकता था तथा उन्हें जंगल में ले जाकर मोबाइल व नकदी लूट ली जाती थी, लूटी गई मोबाइल बिहार ले जाकर कम पैसे में बेच देते थे और jप्राप्त धनराशि को आपस में बाँट लेते हैं।"
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर शर्मा, चौकी प्रभारी डाला उप निरीक्षक आशीष पटेल, उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक राम सिंहासन शर्मा, हे0का0 हरिहर यादव, अजय सिंह यादव, आशीष कुमार सिंह, का 0 शिवम व राहुल कुमार मौजूद रहे।




