Sonbhadra News : कलेक्ट्रेट में नहीं लगेगा धरनों का जमावड़ा, अब कोषागार कार्यालय के सामने चिन्हित स्थान पर ही लिए जाएंगे ज्ञापन
कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाले धरना-प्रदर्शनों और ज्ञापन कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब जनपद में....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:17 PM, June 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन पर नई व्यवस्था लागू, अब तय स्थल पर ही होगा प्रदर्शन
सोनभद्र । कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाले धरना-प्रदर्शनों और ज्ञापन कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब जनपद में किसी भी राजनीतिक, सामाजिक अथवा अन्य संगठन द्वारा किया जाने वाला धरना-प्रदर्शन कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे स्थित कोषागार कार्यालय के सामने पश्चिम दिशा में चिन्हित स्थल पर ही आयोजित किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को वहीं पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में लगातार होने वाले धरना-प्रदर्शनों के कारण जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले आम नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन के लिए अलग स्थल निर्धारित करने का निर्णय लिया है।
प्रशासनिक कार्यों में बाधा नहीं होगी बर्दाश्त -
डीएम ने पुलिस अधीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी संगठन को निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्य किसी स्थान पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति न दी जाए। स्थानीय थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी कार्यक्रम निर्धारित स्थान पर ही आयोजित हों।
धरनास्थल पर पहुंचकर संबंधित अधिकारी लेंगे ज्ञापन -
नई व्यवस्था के तहत अब प्रदर्शनकारियों को ज्ञापन देने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संबंधित अधिकारी निर्धारित स्थल पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त करेंगे और मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिससे प्रदर्शन भी हो सके और प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित न हों।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और इसके अनुपालन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
डीएम का बड़ा फैसला, कलेक्ट्रेट में अब नहीं लगेगा धरनों का जमावड़ा -
प्रशासन के इस फैसले को कलेक्ट्रेट परिसर में बढ़ती भीड़ और बार-बार होने वाले प्रदर्शनों को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब सभी धरना-प्रदर्शन एक निर्धारित स्थल पर केंद्रित होंगे, जिससे आम जनता, फरियादियों और अधिकारियों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।




