Sonbhadra News : अमवार रोड से टेढ़ा सम्पर्क मार्ग पर घटिया सड़क निर्माण और मनमाने ब्रेकर से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, दुर्घटना की आशंका
अमवार रोड से टेढ़ा सम्पर्क मार्ग पर घटिया सड़क निर्माण और मनमाने ब्रेकर से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, दुर्घटना की आशंका

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
8:27 PM, June 11, 2026
अमवार रोड से टेढ़ा सम्पर्क मार्ग पर घटिया सड़क निर्माण और मनमाने ब्रेकर से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, दुर्घटना की आशंका
दुद्धी (सोनभद्र)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत अमवार रोड से टेढ़ा सम्पर्क मार्ग के मरम्मत कार्य में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही और तानाशाही सामने आई है। सड़क निर्माण में न केवल मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि नियमों को ताक पर रखकर अमवार रोड से दिघुल गाँव तक ही मनमाने ढंग से खतरनाक स्पीड ब्रेकर भी बनाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) के ठेकेदार द्वारा किए जा रहे इस कृत्य से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में गहरा आक्रोश है।
तस्वीर बयां कर रही बदहाली: न ढलान, न मानक, बस डामर का ढेर-
सामने आई तस्वीर साफ बयां कर रही है कि नई बनी चमचमाती डामर की सड़क पर ठेकेदार ने बिना किसी तकनीकी सूझबूझ के सड़क के बीचों-बीच गिट्टी और तारकोल का एक ऊंचा और तीखा ढेर खड़ा कर दिया है, जिसे 'ब्रेकर' का नाम दिया गया है। इस ब्रेकर में न तो कोई गोलाई (ढलान) है और न ही इसकी ऊंचाई तय मानकों के अनुसार है। यह ब्रेकर अचानक से सड़क पर उभरा हुआ है, जिससे तेज गति से आने वाले दोपहिया वाहनों के अनियंत्रित होकर पलटने का पूरा खतरा बना हुआ है।
बिना किसी संकेतक या पेंट के रातों-रात खड़े किए जा रहे स्पीड ब्रेकर-
करीब 5.95 किलोमीटर लंबे इस व्यस्त संपर्क मार्ग पर पहले एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं था। वर्तमान में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान ठेकेदार ने अपनी मर्जी से यह जानलेवा ब्रेकर बना दिया है। इस ब्रेकर पर न तो कोई सफेद पट्टी (पेंट) लगाई गई है और न ही इससे पहले कोई चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लगाया गया है। ग्रामीण अंचल की इस सड़क पर रात के समय स्ट्रीट लाइट न होने के कारण यह ब्रेकर वाहन चालकों के लिए काल साबित हो सकता है।
कोर्ट के आदेशों और IRC गाइडलाइंस का खुला उल्लंघन -
माननीय उच्च न्यायालय की सख्त रोक के बावजूद सड़क पर इस तरह के मनमाने ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के नियमों के मुताबिक, किसी भी संपर्क मार्ग पर बिना प्रशासन और यातायात पुलिस की लिखित अनुमति के स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया जा सकता। अगर कहीं दुर्घटना रोकने के लिए इसे बनाना अनिवार्य भी हो, तो उसकी एक तय चौड़ाई और सीमित ऊंचाई (हल्की गोलाई के साथ) होनी चाहिए। लेकिन यहाँ पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार और लापरवाह अधिकारियों की मिलीभगत से कोर्ट के आदेशों को ठेंगा दिखाया जा रहा है।
दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही की मांग -
ग्राम प्रधान जगतनारायण, एफ.ए.अंसारी तथा ग्रामीण राजेश, शशि, सरोज सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग अब चलने लायक नहीं रह गया है। इस तीखे ब्रेकर के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को लाने-ले जाने में वाहनों को भारी झटका लग रहा है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस घटिया निर्माण और अवैध ब्रेकर को तुरंत हटवाया जाए और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में पीडब्लूडी जे ई पीके मिश्र ने कहा कि सड़क निर्माण में ब्रेकर का कोई प्रावधान नही हैं,कुछ ग्रामीणों ने स्वयं ब्रेकर बना दिया हैं जिसे हटवाने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं।




