Sonbhadra News : चोरी का आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, ₹81,300 बरामद
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वादी के मकान में निर्माण कार्य कर रहा राजगीर मिस्त्री बेचू घटना से पहले दुकान पर आया था।

sonbhadra
7:03 PM, October 11, 2026
घनश्याम पांडेय/शिवपूजन अग्रहरि (संवाददाता)
जुगैल (sonbhadra) । थाना क्षेत्र के गोठानी गांव में परचून की दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घण्टे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार चोरी की शत-प्रतिशत धनराशि ₹81,300 बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर की रात गोठानी गांव निवासी राजेश कुमार केसरी उर्फ गुड्डू की परचून की दुकान में चोरी हुई थी। चोर दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया था। इस मामले में 10 अक्टूबर को थाना जुगैल में मुकदमा अपराध संख्या 130/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वादी के मकान में निर्माण कार्य कर रहा राजगीर मिस्त्री बेचू घटना से पहले दुकान पर आया था। पुलिस के अनुसार, उस समय उसने दुकानदार को गल्ले में नोटों की गड्डियां रखते हुए देखा था। आरोप है कि रात में दुकानदार के दुकान बंद कर चले जाने के बाद उसने मौका पाकर दीवार में नकब लगाई और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 11 अक्टूबर को सुबह 8:15 बजे गोठानी बिजुल नदी पुल से आरोपी बेचू हरिजन (35 वर्ष), पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम गोठानी, थाना जुगैल, सोनभद्र को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम ₹81,300 बरामद की गई।




