Sonbhadra News : सामने आया सड़क सुरक्षा बैठक का सच, कैमरे में कैद हुई हकीकत
सरकारी महकमे में कुछ हो या न हो तय समय पर मीटिंग जरूर होती है। अब मीटिंग है तो डांट-फटकार और चेतावनी तो मिलना लाजमी है। लेकिन मीटिंग को अधिकारी कितनी गंभीरता से लेते हैं यह बड़ा सवाल है ।

sonbhadra
10:50 PM, August 28, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । सरकारी महकमे में कुछ हो या न हो तय समय पर मीटिंग जरूर होती है। अब मीटिंग है तो डांट-फटकार और चेतावनी तो मिलना लाजमी है। लेकिन मीटिंग को अधिकारी कितनी गंभीरता से लेते हैं यह बड़ा सवाल है ।
दरअसल जिलाधिकारी ने 25 अगस्त को कलेक्ट्रेट में सड़क सुरक्षा सम्बन्धी बैठक की। बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा पशुओं को भी गंभीरता से लिया जाय और अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़कर नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। लेकिन आप तस्वीरों में देख सकते हैं कि चुर्क नगर पंचायत क्षेत्र हो या फिर नगर पालिका रावर्ट्सगंज नगर पालिका या चोपन पंचायत क्षेत्र, हर जगह आपको गाय सड़कों पर घूमते या बैठे मिल जायेंगे। कई बार तो गायों को बचाने के चक्कर में दुर्घटना हो चुकी है तो वहीं कई बार गाय से टकराकर लोगों की जान भी जा चुकी है।
ऐसे में आप समझ सकते हैं कि अधिकारी मीटिंग को और जनहित के मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं ।ऐसे में यही कहा जा सकता है कि अधिकारी भी जानते हैं कि मीटिंग हर महीने होनी है और उन्हें जबाब भी क्या देना है ।
ऐसे में जिलाधिकारी को मीटिंग के बाद अपनी टीम से जमीनी हकीकत भी परखनी चाहिए ताकि आगामी मीटिंग में सम्बन्धित अधिकारी का जबाब दिया जा सके।




