Sonbhadra News : स्कूली बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे
नगर के चोपन रोड स्थित ग्रीन माउंटेन स्कूल के बाहर हर दिन स्कूली बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आ रही है।

sonbhadra
6:11 PM, August 3, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । नगर के चोपन रोड स्थित ग्रीन माउंटेन स्कूल के बाहर हर दिन स्कूली बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आ रही है। ओबरा-चोपन मुख्य मार्ग से सटा होने के कारण स्कूल के मुख्य द्वार के सामने सुबह बच्चों के स्कूल पहुंचने और दोपहर छुट्टी के समय वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों को सड़क पार करने के दौरान हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि यह मार्ग ओबरा और चोपन को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर दिनभर भारी वाहनों, बसों, ट्रकों, सहित कारों और दोपहिया वाहनों का लगातार आवागमन बना रहता है। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय अभिभावकों के वाहन भी सड़क के दोनों ओर खड़े हो जाते हैं। इस दौरान बच्चों का सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाता है।
बीते शुक्रवार को इसी स्थान पर एक स्कूली छात्र के अचानक सड़क पार करने के दौरान उसे बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवती सड़क पर फिसलकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि इस हादसे में कोई स्कूली छात्र-छात्रा घायल नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने स्कूल के बाहर व्याप्त अव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की गंभीर कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।




