Sonbhadra News : तिरंगे की शान में गूंजा विकास का संकल्प, बोली सीडीओ - जनसेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विकास भवन परिसर में राष्ट्रीय......

विकास भवन झंडा फहराती सीडीओ जागृति अवस्थी........
sonbhadra
5:34 PM, August 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विकास भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान विकास भवन परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि स्वतंत्रता हमें वर्षों के संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। आजादी के इस पर्व पर हमें उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने के साथ यह भी संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे।
विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता -
सीडीओ ने कहा कि विकास भवन केवल सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन का केंद्र नहीं, बल्कि जिले के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों और कर्मचारियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।”
सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विभागीय दायित्वों को महज नौकरी न समझकर जनसेवा के अवसर के रूप में लें। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
‘विकसित भारत’ के संकल्प में जनपद की भूमिका महत्वपूर्ण -
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में जिलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सोनभद्र जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध जनपद में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाना भी विकास की वास्तविक कसौटी है।
ईमानदारी और टीम भावना से काम करने की अपील -
सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि किसी भी जिले के विकास की सफलता अधिकारियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। "यदि हम अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाएं, जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनका समाधान करें और योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचाएं, तो यही स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण में हमारी सबसे बड़ी भागीदारी होगी।"




