Sonbhadra News : नवागत डीएम ने कसा शिकंजा, बोले - अब नहीं चलेगी देरी और लापरवाही
नवागत जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने पदभार ग्रहण करते ही विकास कार्यों को लेकर सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं का औचक निरीक्षण किया।

sonbhadra
7:31 PM, May 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नवागत जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने पदभार ग्रहण करते ही विकास कार्यों को लेकर सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती तथा कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
घोरावल नगर पंचायत की पेयजल योजना पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बरसात से पहले हर हाल में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मौके पर ही सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही गिट्टी की मात्रा की जांच कराई और अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को सख्त हिदायत दी कि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण ऐसा हो, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं।




