Sonbhadra news : मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा डिप्टी सीएम के सामने उठा
जिला संयुक्त चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एल-2 व एल-3 अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर पत्र सौंपा।

sonbhadra
6:51 PM, September 25, 2026
शांतनु कमार/राकेश चौबे
सोनभद्र। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल द्विवेदी ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर राबर्ट्सगंज स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एल-2 व एल-3 अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर पत्र सौंपा। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही संबंधित कमियों की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।
द्विवेदी ने पत्र में एल-3 भवन के वर्षों से पूरी तरह संचालित न होने, ऑपरेशन थिएटर व बेड सेवा शुरू न होने, घटिया सामग्री की जांच, एल-2 में खराब एसी व अन्य सुविधाओं, आयुष्मान योजना के लंबित भुगतान, खराब जनरेटर, पार्किंग, साफ-सफाई, बेड व लाइट व्यवस्था सहित कई समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने एक्स-रे एवं रक्त जांच रिपोर्ट में बार-बार सामने आ रही कथित खामियों को भी गंभीरता से उठाया।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। द्विवेदी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उठाए गए सभी बिंदुओं पर उच्चस्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया है।




