Lakhimpur kheri news : लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और ओमनी वैन की टक्कर में चार की मौत, छह घायल
लखीमपुर खीरी में बीती रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

lakhimpur kheri
8:15 PM, November 24, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
◆ लखीमपुर-निघासन रोड पर खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने हुआ हादसा, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी में बीती रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के लखीमपुर-निघासन रोड पर खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने हुआ, जहां ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमनी वैन में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात ट्रक निघासन की तरफ से लखीमपुर आ रहा था, जबकि ओमनी वैन लखीमपुर से निघासन की ओर जा रही थी। इसी दौरान खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में ओमनी वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लखीमपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेते हुए मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




