Sonbhadra News : भक्ति और उल्लास के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, जयकारों से गूंजायमान हुआ नगर
सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक संस्था रंगीला कांवर संघ के तत्वाधान में आज शाम रॉबर्ट्सगंज नगर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। भगवान जगन्नाथ....

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का दृश्य....
sonbhadra
7:25 PM, July 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक संस्था रंगीला कांवर संघ के तत्वाधान में आज शाम रॉबर्ट्सगंज नगर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और "जय जगन्नाथ" के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
रथ यात्रा का शुभारंभ गुरुद्वारा के समीप से हुआ। यहां से सुसज्जित रथ और आकर्षक धार्मिक झांकियां सिविल लाइन रोड, रेलवे क्रॉसिंग, धर्मशाला रोड, चण्डी होटल, शीतला मंदिर चौक तथा बढ़ौली चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः गुरुद्वारा के समीप पहुंचीं, जहां यात्रा का समापन धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता तथा भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य मनीष अग्रहरी ने भगवान जगन्नाथ की आरती उतारकर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रंगीला कांवर संघ के अध्यक्ष महेश कुमार सोनी ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। नगरवासी प्रत्येक वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पावन आयोजन में सहभागिता निभाते हैं।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का भव्य स्वागत किया।
इस दौरान धार्मिक सभासद विनोद सोनी, संतोष कुमार सोनी, छोटक सोनी, डॉ0 बांग्ला प्रसाद, चंदन सोनी, राहुल शर्मा, विजय सोनी, अंकित सोनी, कृष्ण सेठ, ओम सोनी, राजू शेखर साह, यश केसरी, अमित सहित रंगीला कांवर संघ के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




