Sonbhadra News : उधारी में शराब न देने पर मनबढ़ों ने की सेल्समैन से मारपीट, दो नामजद सहित चार के विरुद्ध FIR दर्ज
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्रांतर्गत बड़गांव कंपोजिट शराब की दुकान पर उधारी में शराब मांगने को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार देने से इनकार करने पर कुछ लोगों ने शराब दुकान में घुसकर..

सेल्समैन के साथ मारपीट करते दबंग.....
sonbhadra
7:49 AM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्रांतर्गत बड़गांव कंपोजिट शराब की दुकान पर उधारी में शराब मांगने को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार देने से इनकार करने पर कुछ लोगों ने शराब दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ गाली-गलौज, मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथी निवासी शिकायतकर्ता त्रिपुर सिंह पुत्र उमेश सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह वर्तमान में बड़गांव स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। गत 14 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे बादल सिंह, दिलीप पटेल तथा एक-दो अन्य अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और उधार में शराब की मांग करने लगे। जब उधार देने से मना किया गया तो आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं आरोपियों की पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर बादल सिंह, दिलीप पटेल तथा एक-दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) और 324(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
वहीं रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि "मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।"




