Sonbhadra news : खनन हादसे में मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा व सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए: भाकपा
खनन हादसे पर भाकपा के जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को घटनास्थल पहुंचने का प्रयास किया।

sonbhadra
8:59 PM, November 16, 2025
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
- खनन कार्यों पर रोक व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
चोपन/सोनभद्र। ओबरा क्षेत्र में हुए खनन हादसे पर भाकपा के जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को घटनास्थल पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन द्वारा क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल देने के कारण पीड़ित परिवारों से मुलाकात नहीं हो सकी। पार्टी ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन खनन से जुड़ी लापरवाही छिपाना चाहता है। पार्टी ने कहा कि खनन ठेकेदारों की लापरवाही से डेढ़ दर्जन से अधिक आदिवासी मजदूरों की मौत हुई है। भाकपा ने मांग की कि दोषी खनन ठेकेदारों व अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो, मृतकों के परिजनों को कम से कम 50-50 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। भाकपा ने सोनभद्र में मानकों के विपरीत चल रहे सभी खनन कार्यों पर तत्काल रोक व सुरक्षा तथा पर्यावरणीय मानकों की जांच की मांग की। पार्टी ने कहा कि यह मुद्दे 18 नवंबर को होने वाले राष्ट्रव्यापी आंदोलन में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।प्रतिनिधिमंडल में कामरेड आर.के. शर्मा, अमरनाथ सूर्य, संजय रावत, नागेंद्र कुमार और प्रेमचंद गुप्ता शामिल रहे।




