जिले में सैकड़ों की संख्या में ऐसे प्राथमिक और जूनियर स्कूल मौजूद हैं जो शिक्षा विभाग की अनुमति के बिना ही संचालित हो रहे हैं। इनमें अधिकांश स्कूल ग्रामीण इलाकों में एक या दो कमरों में, बिना खेलकूद के मैदान, पुस्तकालय, या पर्याप्त शिक्षकों के संचालन हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इन स्कूलों के संचालकों में कई स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हैं, जो राजनीतिक या सामाजिक रसूख के बल पर कार्रवाई से अब तक बचते रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि “जब भी उच्चाधिकारियों को शिकायत मिलती है, संबंधित स्कूल पर कागजी खानापूर्ति की जाती है। स्कूल को नोटिस देकर कुछ दिन बंद दिखाया जाता है और फिर दोबारा संचालन शुरू हो जाता है।”