Sonbhadra News : जनपद की अर्थव्यवस्था ने भरी उड़ान, जीडीपी में 12.10% की बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में सोनभद्र लगातार मजबूत कदम बढ़ा रहा है। वर्ष 2024-25 में जनपद के सकल जिला घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 12.10 प्रतिशत की उल्लेखनी......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:17 PM, July 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी लक्ष्य की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए विकास और आर्थिक गतिविधियों में तेजी के निर्देश
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में सोनभद्र लगातार मजबूत कदम बढ़ा रहा है। वर्ष 2024-25 में जनपद के सकल जिला घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 12.10 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसी के साथ प्रति व्यक्ति आय भी प्रदेश की औसत आय से अधिक दर्ज की गई है।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जिला वन ट्रिलियन डॉलर (ओटीडी) सेल की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में जनपद का सकल जिला घरेलू उत्पाद 46,929 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2023-24 की तुलना में 5,084 करोड़ रुपये अधिक है। इस प्रकार जनपद ने 12.10 प्रतिशत की प्रभावशाली आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में सोनभद्र की 1.55 प्रतिशत हिस्सेदारी रही, जबकि जनपद की प्रति व्यक्ति आय 1,69,563 रुपये दर्ज की गई, जो प्रदेश की औसत प्रति व्यक्ति आय से अधिक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य और वन विभाग सहित प्राथमिक क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाए।
द्वितीयक क्षेत्र की समीक्षा के दौरान औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण, विद्युत उपभोग और स्थानीय निकायों द्वारा भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। विगत दो वर्षों में भवन मानचित्र स्वीकृति में आई गिरावट पर जिलाधिकारी ने चिंता जताई और संबंधित विभागों को इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में तृतीयक क्षेत्र के अंतर्गत जीएसटी संग्रह, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटल एवं वाहन पंजीकरण तथा वित्तीय सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सोनभद्र ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।




