रक्षाबंधन का उल्लास छाने लगा है। शहर में तरह-तरह की आकर्षक राखियों की बिक्री के लिए दुकानें सज गई हैं। इस बार कार्टून व डिजाइनर धागा, मोरपंख, चंदन, चावल और शुभ वंदन राखियों की धूम है। बाजार में रेशमी धागे वाली पारंपरिक राखियों की काफी डिजाइनें हैं। बच्चों के लिए कार्टून थीम में छोटा भीम, मोटू-पतलू, गुड़िया, लाइट, घड़ी, प्लेन आदि डिजाइन की काफी राखियां हैं। इसके अलावा गणेश, शिव, स्वास्तिक, ओम आदि की राखियां भी खूब बिक रही हैं। वहीं, कम वजन व कम कीमत में चांदी की राखियों की खूब खरीदारी हो रही है। वहीं दाम की बात करें तो पिछले साल के मुकाबले इस साल 10 से 15 फीसदी तक दाम बढ़ गए हैं। इसके लिए स्वर्ण जयंती चौक, सिविल लाइन रोड, रेलवे स्टेशन रोड, मेन मार्केट, शीतला मंदिर चौक आदि पर राखियों की दुकानें सज गई हैं। बाजारों में एक रूपये से लेकर 1600 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने दिल्ली, कोलकाता और मुंबई से राखियां मंगवाई है। वहीं कुछ बहनें ऑनलाइन भी ऑर्डर कर रही हैं, लेकिन स्थानीय बाजार अब भी पहली पसंद बने हुए हैं।