Sonbhadra News : सात फेरों का टूटा बंधन, प्रेमी संग पत्नी ने किय पति का कत्ल, सड़क हादसा दिखाने का खेल 24 घंटे में बेनकाब
सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा लेकर जिस रिश्ते की डोर थामी थी, वही रिश्ता कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग की आग में ऐसा उलझा कि पति की जिंदगी ही छीन ली गई। शक्तिनगर क्षेत्र में सामने आई इस सनसनीखेज.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:33 PM, August 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा लेकर जिस रिश्ते की डोर थामी थी, वही रिश्ता कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग की आग में ऐसा उलझा कि पति की जिंदगी ही छीन ली गई। शक्तिनगर क्षेत्र में सामने आई इस सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया। पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क किनारे ले जाया गया और वाहन से चोट पहुंचाकर पूरी वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस की तफ्तीश ने महज 24 घंटे में कथित हादसे के पीछे छिपे हत्या के राज से पर्दा उठा दिया।
मामला शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बीना स्टेडियम/जमशीला के पास का है। 23 अगस्त को एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। पहली नजर में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को कुछ और ही कहानी की ओर इशारा किया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू करते हुए मुकदमा दर्ज किया और तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, लोकेशन तथा अन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
घर में खुला कथित प्रेम-प्रसंग का राज, विवाद के बाद मिली मौत -
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ कथित रूप से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त को रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हो गया। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान प्रियंका और विकास ने रमाशंकर का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर सिर पटककर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए कथित तौर पर शव को चादर और गमछे में लपेटा गया। पुलिस के मुताबिक विकास ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को सड़क किनारे पहुंचाया और वाहन से चोट पहुंचाकर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
24 घंटे में पुलिस ने किया कथित 'सड़क हादसे' का राजफास -
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच में जुटी शक्तिनगर पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों, तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और लोकेशन समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला। पुलिस के अनुसार साक्ष्यों की कड़ियां जुड़ती गईं और महज 24 घंटे के भीतर कथित सड़क हादसे के पीछे छिपी हत्या की कहानी सामने आ गई। मामले में पत्नी प्रियंका मिश्रा (35वर्ष), उसके कथित प्रेमी विकास चौहान (25वर्ष) समेत चार आरोपियों अनुराग सिंह उर्फ बादल (लगभग 18वर्ष) और सोनू गुप्ताको गिरफ्तार किया गया है।
सीओ पिपरी बोले - हर कड़ी को जोड़कर 24 घंटे में किया खुलासा
सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि "सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई घटना की परिस्थितियां शुरू से ही संदिग्ध थीं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और लोकेशन का बारीकी से परीक्षण किया। जांच में सामने आए तथ्यों की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि घटना को दुर्घटना का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित और वैज्ञानिक विवेचना से पूरी घटना सामने आ गई।"
हत्या का खुलसा करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल -
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह और अमृत लाल शामिल रहे।




