Sonbhadra News : तहसीलदार पर अंबेडकर पार्क की भूमि पर अवैध कब्जा कराने का लगाया आरोप, कई दलों ने संयुक्त प्रदर्शन कर की कार्यवाही की मांग
आज भाकपा, माकपा, माले, आज़ाद समाज पार्टी, भीम आर्मी, राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा व गोंगपा के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से ग्राम तिरनाही (पकरी) के अंबेडकर पार्क की भूमि पर प्लाटरों द्वारा राबर्ट्सगंज....

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते भाकपा, माकपा, आजपा, भीम आर्मी, गोंगपा के कार्यकर्ता....
sonbhadra
7:26 PM, January 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज भाकपा, माकपा, माले, आज़ाद समाज पार्टी, भीम आर्मी, राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा व गोंगपा के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से ग्राम तिरनाही (पकरी) के अंबेडकर पार्क की भूमि पर प्लाटरों द्वारा राबर्ट्सगंज तहसीलदार की मिली भगत से व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से किए जा रहे सड़क निर्माण को रोकने को लेकर मुख्य मार्ग से जूलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि "ग्राम तिरनाही (पकरी) की आराजी संख्या- 40 रकबा 0.1260 हे० भूमि श्रेणी- 6(2) खाता अम्बेडकर पार्क के नाम से दर्ज है। उक्त भूमि के बगल में पीछे की तरफ आराजी सं0 90 स्थित है जिस पर कुछ अज्ञात प्लाटरों द्वारा प्लाटिंग किया गया है, जिस प्लाट पर जाने हेतु आराजी संख्या-40 के सामने से सड़क आगे से जाकर बना हुआ है परन्तु उक्त प्लाटरों द्वारा आराजी संख्या 40 रकबा 0.1260 हे0 जो श्रेणी-8 (2) अम्बेडकर पार्क खाते में दर्ज भूमि है से सीधा प्लाट पर लें जाने के लिए अवैध सड़क निर्माण के प्रयास में लगे हुए है। पूर्व में कुछ हिस्सों पर कुछ प्लाटरों द्वारा मिट्टी इत्यादि डाल दिया गया था जिस पर ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर कार्य रोक दिया गया था परन्तु उक्त प्लाटरों द्वारा सदर तहसीलदार अमित सिंह द्वारा मिली भगत करके पुनः अवैध सड़क का निर्माण प्लाटरों द्वारा कराया जा रहा है।"
वक्ताओं ने कहा कि "ग्रामीणों तथा राजनैतिक दलों के विरोध पर सदर तहसीदार द्वारा धमकी दिया जा रहा है देखते हैं इस सड़क को कौन रोकेगा, हम खड़े हो कर इस सड़क को बनवाएंगे। तहसीलदार के इस बर्ताव से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी को 14 जनवरी को लिखित रूप से शिकायती पत्र दिया गया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे तिरनाही के उक्त प्लाटरों (प्रापर्टी डीलरों) का हौसला बुलंद हो रहा है, गांव में कभी भी अशांति का माहौल पैदा हो सकता है।"
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग किया कि "अम्बेडकर पार्क नाम से खाता खतौनी में दर्ज भूमि को घेराव करके सौन्दर्गीकरण एवं संरक्षित किया जाय, सदर तहसीलदार एवं उक्त प्लाटरों के विरूद्ध जाँच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही किया जाय और जिले के सभी अंबेडकर पार्क, भूमि और महापुरुषों के स्थलों व प्रतिमाओं को सुरक्षित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों भीतर जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं होता है तो हम समस्त दलों के लोग सड़कों पर उतर कर बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को तैयार हैं, जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड प्रेमनाथ ने और संचालन आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि कांत ने किया। इस दौरान भाकपा जिला सचिव कामरेड आर0के0 शर्मा, माकपा जिला सचिव कामरेड नंदलाल आर्य, माले नेता कामरेड नोहर भारती, आजाद समाज पार्टी के रवि शंकर (एडवोकेट), राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा के लक्ष्मी नारायण बौद्ध, गोंगपा के जय मंगल उरेती, राम रक्षा, प्रेम चंद गुप्ता, हृदय नारायण, बाबूलाल चेरो, बाबूलाल भारती, पुरुषोत्तम, हनुमान प्रसाद, बच्चा लाल, अरुण कुमार, सुरेन्द्र कुमार, अनुराग राव, दूधनाथ यादव, चंद्रशेखर, कमलेश सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




