Sonbhadra News : मजाक बना तहसील समाधान दिवस, सिर्फ 8 प्रतिशत शिकायतें निपटी
जिले की सभी चारों तहसीलों में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। चारों तहसीलों को मिलाकर कुल 188 मामले आए, इनमें महज 9 फीसदी यानी 16 शिकायतों का ही समाधान हो पाया, शेष शिकायतों को एक बार फिर ठंडे...

तहसील समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनते डीएम बी0एन0 सिंह व एसपी
sonbhadra
10:14 PM, August 18, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले की सभी चारों तहसीलों में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। चारों तहसीलों को मिलाकर कुल 188 मामले आए, इनमें महज 9 फीसदी यानी 16 शिकायतों का ही समाधान हो पाया, शेष शिकायतों को एक बार फिर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। दूरदराज से आने वाले 172 फरियादियों को वापस निराश होकर लौटना पड़ा।फरियादियों को समाधान के बजाय सिर्फ आश्वासन लेकर लौटना पड़ा। शासन के निर्देश पर संपूर्ण समाधान दिवस पर हर बार फरियादी इन उम्मीदों से पहुंचते हैं कि इस बार उनकी शिकायतों का समाधान हो जाएगा लेकिन अधिकारियों और उनके अधीनस्थों की औपचारिक कार्यशैली के कारण समाधान नहीं हो रहे हैं और बदले में सिर्फ फरियादी को आश्वासन मिल रहा है।
जिले में मंगलवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में सदर तहसील में स्वयं डीएम बी0एन0 सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा ने शिकायतें सुनीं। यहां आये 74 मामलों में से सिर्फ 12 समस्याओं का समाधान हो पाया। इस दौरान कैम्प लगाकर 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र व 5 विधवा पेंशन के लाभार्थियों का ई-केवाईसी कराया गया। वहीं दुद्धी तहसील में एसडीएम निखिल यादव ने शिकायतें सुनीं। यहां 21 में से महज एक ही समस्याओं का समाधान हुआ। वहीं ओबरा तहसील में सीडीओ जागृति अवस्थी ने शिकायतें सुनीं। यहां 26 में से तहत 3 शिकायतों का ही समाधान हो पाया जबकि घोरावल तहसील में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला फरियादियों से रूबरू हुए, इस दौरान 70 में से तीन फरियादियों के शिकायतों का तो निस्तारण कर दिया गया, लेकिन 67 फरियादियों को आश्वासन की घुट्टी पीकर वापस लौटना पड़ा।




