Sonbhadra News : पुरानी पेंशन के मांग को लेकर सड़क पर उतरे शिक्षक-कर्मचारी, निकाली बाइक रैली
पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों और शिक्षकों ने सोमवार को बाइक रैली निकाली कर नवीन पेंशन योजना (एनपीएस) का विरोध किया साथ ही पुरानी पेंशन योजना को लागू किए जाने की मांग की....

बाइक रैली निकालते शिक्षक-कर्मचारी
sonbhadra
11:05 PM, October 28, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों और शिक्षकों ने सोमवार को बाइक रैली निकाली कर नवीन पेंशन योजना (एनपीएस) का विरोध किया साथ ही पुरानी पेंशन योजना को लागू किए जाने की मांग की। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले ग्रामीण सफाई कर्मचारी, शिक्षक व अन्य राज्य कर्मचारी हाईडील मैदान पर जमा हुए। जहां से बाइक रैली शुरू हुई, जो स्वर्ण जयंती चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट पहुंच कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि "पुरानी पेंशन कर्मचारियों की बुढ़ापे की लाठी है। सरकार की नवीन पेंशन योजना कर्मियों के लिए हितकारी नहीं है। इसमें कर्मियों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। पुरानी पेंशन के लिए कर्मचारी संघर्षरत है। जब तक पुरानी पेंशन बहाली नहीं होती है कर्मी संघर्ष जारी रखेंगे।"
डिप्लोमा इंजिनियरिंग महासंघ के प्रान्त उपाध्यक्ष सुनील पाण्डेय ने कहा कि "नवीन पेंशन स्कूल व यूपीएस पेंशन स्कीम न कर्मचारियों के हित में है और न ही सरकार के हित में है।"
वहीं चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह सोमवंशी ने कहा कि "सरकार कर्मचारी और शिक्षकों की पीड़ा समझने की कोशिश करें। देश के सभी सरकारी कर्मचारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहुत ही आश लगाए बैठा है।"
डिप्लोमा इंजिनियरिंग संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने कहा कि "देश लगातार तरक्की कर रहा है। सरकार द्वारा लागू की गई पेंशन स्कूल शेयर बाजार स्कीम है। जिसका हम विरोध करते हैं। पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन जारी रहेगा।"




