Sonbhadra News : छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
सोनभद्र में पुलिस ने नाबालिग छोटी बच्चियों का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोपी शिक्षक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया l

sonbhadra
4:55 PM, July 5, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र में पुलिस ने नाबालिग छोटी बच्चियों का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोपी शिक्षक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया । एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मामला कोन थाना क्षेत्र के धोबी बस्ती विद्यालय का है ।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त टीपू सुल्तान उर्फ सैलानी ,34 वर्ष , निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज , सोनभद्र को तिलगुड़वा मोड़, कोन से गिरफ्तार किया गया l पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित बालिकाओं के परिजनों द्वारा दी गई प्राथमिकी के आधार पर विगत 1 जुलाई को आरोपी शिक्षक के विरुद्ध थाना कोन में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी l उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चियों की उम्र 9 वर्ष एवं 6 वर्ष है । एस पी ने बताया कि पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है ।
इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि विकास खंड कोन अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती में सहायक अध्यापक टीपू सुल्तान द्वारा शिक्षण कार्य किया जा रहा था । उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त अध्यापक द्वारा कक्षा 3 और कक्षा 1 में पढ़ने वाली दो छोटी बच्चियों के साथ अभद्र कृत्य किया गया l शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर पीड़िता एवं विद्यालय के अन्य बच्चों से पूछताछ की गई तो प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए l उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक को विगत शुक्रवार को ही निलंबित कर दिया गया ।




