Sonbhadra News : अवैध अस्पतालों पर दूसरे दिन भी सर्जिकल स्ट्राइक जारी, दो हॉस्पिटल सीज
जनपद में बिना मानकों और आवश्यक अनुमतियों के वर्षों से संचालित निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का सर्जिकल स्ट्राइक लगातार दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। गुरुवार को......

sonbhadra
11:28 PM, July 30, 2026
आनन्द कुमार चौबे/घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
• सीज अस्पताल दोबारा मिला संचालित, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिर जड़ा ताला
सोनभद्र । जनपद में बिना मानकों और आवश्यक अनुमतियों के वर्षों से संचालित निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का सर्जिकल स्ट्राइक लगातार दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। गुरुवार को निजी चिकित्सालय पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव एवं एसीएमओ डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद के नेतृत्व में चोपन क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए अस्पतालों को सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान सिंदुरिया रोड स्थित बाल चिकित्सालय में पांच मासूम बच्चे भर्ती पाए गए। अस्पताल के पास आवश्यक मानक एवं वैध संचालन संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने पहले सभी बच्चों को सुरक्षित उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजवाया और इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया।
कार्यवाही के दौरान टीम जब कुछ दिन पूर्व नवजात की मौत के मामले में सीज किए गए न्यू जन सहायता हॉस्पिटल पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। विभाग द्वारा सीज किए जाने के बावजूद अस्पताल दोबारा संचालित मिलता पाया गया। इसे स्वास्थ्य विभाग के आदेशों की खुली अवहेलना मानते हुए टीम ने अस्पताल को पुनः सीज कर दिया और संचालक के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी।
निजी चिकित्सालय पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव ने कहा कि "जनपद में बिना पंजीकरण, बिना मानक और बिना आवश्यक अनुमति के किसी भी अस्पताल या क्लीनिक को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जो लोग विभागीय आदेशों की अवहेलना कर जनता के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं, उनके खिलाफ केवल सीलिंग ही नहीं बल्कि एफआईआर सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। मरीजों की जान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और कोई भी अवैध अस्पताल कार्यवाही से बच नहीं पाएगा।"




