Sonbhadra News : पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया।

sonbhadra
5:05 PM, May 22, 2026
प्रकाश खत्री/दिलीप श्रीवास्तव (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों की परेड का अवलोकन किया तथा उन्हें शारीरिक रूप से फिट और अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ एवं टोलीवार ड्रिल कराई गई।
निरीक्षण के दौरान यू0पी0-112 एवं विभिन्न थानों से आए वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट समेत अन्य आवश्यक संसाधनों की कार्यशीलता परखी और वाहन चालकों व पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा, स्टोर, पुलिस रेडियो मेल/रेडियो केंद्र, साइफर केंद्र, बैरक और पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए। मेस में भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई तथा पुलिस कर्मियों के शस्त्र और बीट बुक का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में एसओजी सोनभद्र में तैनात आरक्षी अजीत यादव को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बताया गया कि आरक्षी अजीत यादव ने अपनी तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए 52.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए पुलिस अधीक्षक ने उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




