Sonbhadra News : परिषदीय विद्यालयों के नौनिहाल दिखाएंगे प्रतिभा, शुरू हुआ चयन अभियान
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा को पहचानने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 'मेधावी छात्र चयन परीक्षा.......

sonbhadra
6:37 PM, August 31, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• विद्यालय से जनपद स्तर तक होगी मेधावी छात्रों की प्रतिभा की परख, 9 सितंबर को होगी जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा
सोनभद्र । परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा को पहचानने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 'मेधावी छात्र चयन परीक्षा-अगस्त 2026' का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचालित इस पहल के तहत कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के मेधावी विद्यार्थियों को चयनित कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
वर्तमान में विद्यालय एवं संकुल स्तर पर परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। इसके जरिए विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभागीय कार्ययोजना के अनुसार विद्यालय स्तर पर चयन के बाद संकुल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद संकुल स्तर पर चयनित मेधावी छात्र-छात्राएं ब्लॉक स्तरीय परीक्षा एवं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थी 9 सितंबर 2026 को आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, जिन विकासखंडों में बड़े स्तर पर परीक्षा के आयोजन में किसी प्रकार की कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित स्तर के शीर्ष अथवा प्रथम मेधावी छात्र को ही जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के लिए आमंत्रित किया जाए, ताकि परीक्षा का आयोजन सुचारू रूप से कराया जा सके।
ऑनलाइन दर्ज होगा मेधावी छात्रों का विवरण -
मेधावी छात्र चयन परीक्षा के तहत चयनित एवं सम्मानित विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। नोडल संकुल शिक्षकों एवं संकुल शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में सम्मानित किए जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का पूरा विवरण और कार्यक्रम की तस्वीरें निर्धारित लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करें।




