Sonbhadra News : स्टूडेन्ट ऑफ द ईयर बनी महक,बेस्ट आर्टिस्ट प्रतीक तो बेस्ट प्लेयर बने अभय
कम्पोजिट विद्यालय बूटबेढवा में वार्षिकोत्सव का हुआ आयोजन

सोनभद्र
5:10 PM, March 28, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
-राष्ट्रीय अविष्कार विज्ञान और इंस्पायर अवार्ड में चयनित बच्चों को किया गया सम्मानित
विंढमगंज (सोनभद्र)। शिक्षा क्षेत्र दुद्धी अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बूटबेढवा विंढमगंज में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी का आयोजन धूमधाम से किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष विंढमगंज प्रमोद कुमार यादव व विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान तारा देवी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिकता पूरी की।
समारोह में बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान अतिथियों द्वारा विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेधा प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा से पाँच-पाँच मेधावी बच्चों को विशेष पुरस्कार दिया गया। जिसमे महक, हर्ष, अजित, सूरज, अंश, कार्तिक, कोमल, आर्या, प्रिन्स, इसानी प्रवीन, राजा बाबू व शिवानी इत्यादि सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए थानाध्यक्ष श्री यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास की बढ़ोतरी होती है। बच्चों के अन्दर छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त होता है।
आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से नियमित आ रहे तथा सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को, अभिभावकों तथा विद्यालय में प्रतिदिन भोजन बनाने वाली रसोइया को भी इस अवसर पर उपहार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए शिक्षकों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। आगामी माह में स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम प्रारम्भ किया जाना है जिसके लिए नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत व उत्साह वर्धन कर शिक्षण सामग्री वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा महक कुमारी, उज्मा प्रवीन तथा प्रधानाध्यापक राजकमल यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका अंजूरानी, श्वेता जायसवाल, शालिनी कुमारी, अनुराग तिवारी, पद्मावती देवी सहित सैकड़ो की संख्या में अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।



