Sonbhadra news : महाविद्यालय में छात्र परिषद का गठन, शिवम को अध्यक्ष की जिम्मेदारी
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुद्धी, सोनभद्र में हिंदी विभाग के तत्त्वावधान में हिंदी छात्र परिषद का गठन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।

sonbhadra
7:24 PM, September 3, 2026
रमेश यादव (संवाददाता)
दुद्धी, (सोनभद्र)। स्थानीय भाऊ राव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुद्धी, सोनभद्र में हिंदी विभाग के तत्त्वावधान में हिंदी छात्र परिषद का गठन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति कुमारी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया तथा उन्हें अध्ययन, अनुशासन, रचनात्मकता एवं नेतृत्व के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “विद्यार्थी केवल ज्ञान के अर्जक नहीं, बल्कि समाज के भावी दिशा-निर्धारक हैं; आवश्यकता है कि उनकी ऊर्जा को सृजनात्मक दिशा प्रदान की जाए।”
इस अवसर पर हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं में से योग्य विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें हिंदी छात्र परिषद के विभिन्न पदों पर सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया, जिसमें शिवम कुमार (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर) को अध्यक्ष, प्रियंका यादव (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर) को उपाध्यक्ष, लवकुश कुमार (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर) को सचिव, सिन्नी (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर) को उपसचिव तथा मौज्जम (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) को छात्र प्रतिनिधि, उर्मिला (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) को छात्रा प्रतिनिधि, मोहित कुमार (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) को छात्र प्रतिनिधि एवं निशा जायसवाल (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) को छात्रा प्रतिनिधि का दायित्व सौंपा गया।।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक राजेश भारती ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “नेतृत्व का वास्तविक अर्थ दायित्व को निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाना है।” उन्होंने परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को विकसित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ अजय कुमार, डॉ राजेश यादव, डॉ मालती देवी, डॉ. राकेश कनौजिया,डॉ. मिथिलेश गौतम, डॉ. सचिन विश्वकर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




