Sonbhadra News : अव्यवस्था और लापरवाही से जाम की मार, मुर्धवा मोड़ से हाथीनाला तक लगा 8 किमी लंबा जाम
नगर क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ पर ट्रैफिक अव्यवस्था ने एक बार फिर आमजन को घंटों परेशान किया। राख लदे कुछ ओवरलोड वाहनों के खराब होने से बुधवार की सुबह से लग रहे जाम ने दोपहर तक लोगों को परेशान किए....

जाम में वाहनों की लगी लम्बी कतार....
sonbhadra
9:06 AM, July 24, 2025
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेनूकुट । नगर क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ पर ट्रैफिक अव्यवस्था ने एक बार फिर आमजन को घंटों परेशान किया। राख लदे कुछ ओवरलोड वाहनों के खराब होने से बुधवार की सुबह से लग रहे जाम ने दोपहर तक लोगों को परेशान किए रखाl सुबह से शुरू हुआ जाम धीरे-धीरे बढ़ते-बढ़ते हाथीनाला थाना क्षेत्र तक पहुँच गया। लगभग 7-8 किलोमीटर लंबा यह जाम लगने से मुर्धवा मोड़ से हांथीनाला के बीच वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लग गया l वाराणसी की ओर जाने वाली और आने वाली बसें दिन भर दुद्धी से घूमकर चलती रहीl जाम के दौरान सैकड़ों वाहन, दोपहिया से लेकर ट्रक तक, सड़क पर रेंगते नजर आए। वहीं, सड़कों की पटरियों पर भरे कीचड़ और गड्ढों ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बड़े वाहनों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि "ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और प्रशासन की ओर से कोई भी स्थायी कदम नहीं उठाया जा रहा। आए दिन इस मार्ग पर इसी तरह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। नगरवासियों ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की माँग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और भयावह हो सकती है।"




