सोनभद्र। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने अवगत कराया है कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, साथ ही, कुछ तेल कंपनियों द्वारा क्रेडिट सुविधा समाप्त किए जाने के कारण कुछ पेट्रोल पम्प संचालकों द्वारा भुगतान न करने के चलते तेल की आपूर्ति न मिलने से कुछ पेट्रोल पम्पों के ड्राई होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त परिस्थितियों में कुछ डीजल/पेट्रोल रिटेल आउटलेट द्वारा कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर जनपद में प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न की जा सकती है, जिससे इंकार नहीं किया जा सकता। उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त डीजल/पेट्रोल रिटेल आउटलेट संचालकों एवं जनसामान्य से अपील की है की जाती है कि किसी भी दशा में डीजल व पेट्रोल की अनावश्यक जमाखोरी न करें तथा किसी प्रकार की जमाखोरी में संलिप्त न रहें। साथ ही किसी भी प्रकार का भ्रम, अफवाह अथवा दुष्प्रचार न करें। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।