Sonbhadra News : बच्चों से मंगवाई भीख तो होगी सख्त कार्यवाही
इसी क्रम में मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत आज मानव तस्करी रोधी इकाई, जिला बाल संरक्षण इकाई व चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज...

sonbhadra
6:06 PM, October 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शहर में दिनों-दिन बढ़ते जा रहे भिखारियों के मकड़जाल से निपटने के लिए सोनभद्र प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है।
इसी क्रम में मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत आज मानव तस्करी रोधी इकाई, जिला बाल संरक्षण इकाई व चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन, कस्बा सहित विभिन्न स्थानों पर मानव तस्करी एवं बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई के ओआरडब्ल्यू शेषमणि दुबे ने मौके पर उपस्थित लोगों से बच्चों के भविष्य निर्माण में अपना अपना सहयोग देंने, बच्चों को अनिवार्य रूप शिक्षा से जोड़ने और उनसे बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम जैसे कार्य न करवाने को लेकर जागरूक किया साथ ही चेताया कि बच्चों से भीख मंगवाने वाले माता-पिता से लेकर बच्चों से रैकेट के जरिए धंधा करवाने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी।"
चाईल्ड लाईन टीम ने बताया गया कि बच्चों के सुरक्षा एवं संरक्षण से सम्बंधित सूचना तत्काल चाईल्ड हेल्पलाइन टोल फ्री नम्बर (1098) पर सूचित कर सकते है।
मानव तस्करी रोधी इकाई के प्रभारी निरीक्षक रामजी यादव ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0के अंतर्गत यह विशेष जागरूकता एवं रेस्क्यू अभियान जनपद स्तर पर संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू टीम में चाईल्ड हेल्पलाइन यूनिट से सुपरवाइजर सुधा गिरी,अंशु गिरी, सत्यम चौरसिया, थाना मानव तस्करी रोधी इकाई से मुख्य आरक्षी धनंजय यादव एवं आरक्षी पंकज कुमार उपस्थित रहे।




