Sonbhadra News : कफ सिरप तस्करी पर कड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी के पिता पर पिट NDPS एक्ट लागू
जिले में नशे के काले कारोबार पर पुलिस-प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए कुख्यात कफ सिरप तस्कर शुभम जायसवाल के नेटवर्क पर करारा वार किया है। संगठित तस्करी गिरोह को तोड़ने की कार्रवाई के तहत उसके पिता....

sonbhadra
2:48 PM, April 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में नशे के काले कारोबार पर पुलिस-प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए कुख्यात कफ सिरप तस्कर शुभम जायसवाल के नेटवर्क पर करारा वार किया है। संगठित तस्करी गिरोह को तोड़ने की कार्रवाई के तहत उसके पिता भोला प्रसाद को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत एक वर्ष के लिए निरुद्ध कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
जनपद में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के क्रम में यह कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर जिला प्रशासन के माध्यम से शासन के निरोधक प्राधिकारी ने 15 अप्रैल 2026 से एक वर्ष की निरुद्धि का आदेश जारी किया है।
जांच में सामने आया कि भोला प्रसाद कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध डायवर्जन और काले बाजार में बिक्री का अभ्यस्त अपराधी है। फर्जी फर्मों और नकली बिलिंग के जरिए बड़े पैमाने पर कफ सिरप की तस्करी की जा रही थी, जो एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से देश से बाहर तक फैली हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, निरोधादेश के तहत भोला प्रसाद को आगामी एक वर्ष तक जिला कारागार में रखा जाएगा। यह कार्रवाई उसके खिलाफ दर्ज मामलों के अतिरिक्त एहतियातन की गई है, ताकि वह दोबारा इस अवैध गतिविधि में शामिल न हो सके।
बताते चलें कि भोला प्रसाद को 1 दिसंबर 2025 को कोलकाता से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर सोनभद्र लाया गया था। आरोपी पूरे परिवार के साथ थाइलैंड भागने की तैयारी में था। कफ सिरप मामले के मास्टर माइंड शुभम जायसवाल ने अपने पिता के नाम पर संचालित फर्जी फर्म "शैली ट्रेडर्स" के माध्यम से एबाट कंपनी से भारी मात्रा में फेन्साडिल कफ सिरप प्राप्त कर उसे अवैध रूप से बांग्लादेश तक भेजा और इस पूरे खेल में बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की थी।




