Sonbhadra News : आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, पेड़-पोल और टीनशेड उड़े…...वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर थमा यातायात
बुधवार की शाम अचानक मौसम ने ऐसा करवट बदला कि तेज आंधी, बारिश और तूफान ने पूरे जनपद में भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों में दर्जनों बिजली के पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़े, बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी...

sonbhadra
8:09 PM, May 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सैकड़ों गांवों की बिजली गुल
सोनभद्र । बुधवार की शाम अचानक मौसम ने ऐसा करवट बदला कि तेज आंधी, बारिश और तूफान ने पूरे जनपद में भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों में दर्जनों बिजली के पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़े, बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए और कई मकानों के टीनशेड हवा में उड़ गए। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई टीनशेड करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
तूफान के चलते सरकारी और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा, जहां कांशीराम आवास हाईडिल से जुड़े शहर समेत सैकड़ों गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। अचानक अंधेरे में डूबे शहर और गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पेयजल संकट, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तेज आंधी के दौरान चुर्क मोड़ पर लगा बड़ा संकेतक बोर्ड गिर गया, जिससे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। वहीं रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर सजौर मोड़ के पास विशाल पेड़ और बिजली का खंभा सड़क पर गिर पड़ा, जिसके चलते यातायात बाधित हो गया। कई जगह घंटों तक वाहन फंसे रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी तूफान ने भारी तबाही मचाई। किसानों के खेतों में लगे पेड़ टूटकर गिर गए, जबकि कई घरों की छतों से टीनशेड उड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार तेज हवाओं की आवाज इतनी भयावह थी कि लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा सके। कई गांवों में लोग देर रात तक अंधेरे में रहने को मजबूर रहे।
उधर बिजली विभाग की टीमें युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुट गई हैं। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ओ0पी0 गुप्ता ने बताया कि "तूफान से बिजली लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई स्थानों पर पेड़ तारों और पोलों पर गिर गए हैं। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं और लाइनों से पेड़ हटाकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।"
तूफान के बाद प्रशासन ने जनपद में नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बहाली और रास्तों से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।




