Sonbhadra News : आंधी बनी काल! बाइक से गिरी महिला को पीछे से आ रही ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज आंधी और धूल भरी हवाओं के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति और मासूम बच्चा बाल-बाल बच गए, जबकि परिवार में कोहराम मच.....

sonbhadra
8:28 AM, April 30, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज आंधी और धूल भरी हवाओं के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति और मासूम बच्चा बाल-बाल बच गए, जबकि परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंदुवारी चौकी क्षेत्र के भाटोलिया गांव निवासी 28 वर्षीय नीतू यादव पत्नी रोहित अपने पति और छोटे बच्चे के साथ बाइक से राबर्ट्सगंज से कठपुरवा की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे देवरा राजा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ धूल का गुबार उठने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ती धूल महिला की आंखों में चली गई, जिससे वह असंतुलित होकर चलती बाइक से नीचे गिर पड़ीं। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहा पति और साथ बैठा बच्चा आगे निकल गए और उन्हें तुरंत घटना का आभास नहीं हो सका। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही हिंदूवारी चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया है।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख-बिलख कर रोने लगे। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।



