Sonbhadra News : पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सड़क पर उतरे राज्यकर्मी, निकाला आक्रोश मार्च
आज अटेवा के राष्ट्रीय आह्वान पर हजारों शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारियों ने एनपीएस और यूपीएस के विरोध में नगर में आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर पीएम व सीएम....

sonbhadra
11:25 PM, September 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज अटेवा के राष्ट्रीय आह्वान पर हजारों शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारियों ने एनपीएस और यूपीएस के विरोध में नगर में आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में एनपीएस और यूपीएस जैसी व्यवस्थाओं का कड़ा विरोध करते हुए बिना अंशदायी पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष राजा मौर्या ने कहा कि "देश के अर्धसैनिक बलों के जवानों समेत लगभग एक करोड़ शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। नई पेंशन व्यवस्था के दुष्परिणाम अब सामने आ रहे हैं, जिसके तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को मात्र 800, 1200 और 2800 रुपए पेंशन के रूप में मिल रहे हैं। इससे न तो उनका खुद का खर्च चल पा रहा है और न ही उनके परिवार का। यह सरासर अन्याय है कि जो व्यक्ति 25 से 30 वर्षों तक देश की सेवा में रहा। उसे बुढ़ापे में चिंतित और परेशान रहना पड़े। यह न तो न्याय संगत है और न ही मानवीय दृष्टिकोण से सही।"
इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा सहित सपा के कई कार्यकर्ता जहां कर्मचारियों के साथ पैदल मार्च में भी साथ बने रहे। वहीं, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि राज्यकर्मी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं। उनमें इसको लेकर आक्रोश भी पनप रहा है। अगर प्रदेश सरकार इसको लेकर जल्द कोई निर्णय नहीं लेती तो 2027 के चुनाव में इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
इस दौरान अटेवा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी रंजना सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष संतोष कुमारी, रवि भूषण सिंह, यूटा जिलाध्यक्ष शिवम अग्रवाल, जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय, सूर्य प्रकाश सिंह, इंदु सिंह, बबिता सिंह, अखिलेश सिंह, बीएन सिंह, अभिषेक मिश्रा, अजय कुशवाहा, रवि प्रकाश सिंह, राम गोपाल यादव, कुंजलता त्रिपाठी, रंजना पाण्डेय, दिव्या राय, प्रतीक्षा सिंह, जागृति गुप्ता, संघमित्रा राय सहित बड़ी संख्या में राज्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।




